लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने अभियंताओं को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
रायपुर – नगर पालिक निगम रायपुर के लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने आज नगर निगम मुख्यालय भवन “महात्मा गांधी सदन” के सभाकक्ष में अभियंताओं की पहली परिचयात्मक बैठक आयोजित की। इस बैठक में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता यू. के. धलेन्द्र, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर और संजय बागड़े सहित कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता और उपअभियंता मौजूद रहे।
बैठक में दीपक जायसवाल ने सभी अभियंताओं से परिचय प्राप्त किया और उनके प्रशासनिक दायित्वों की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने नगर निगम रायपुर की चल रही विकास और निर्माण योजनाओं का संक्षिप्त विवरण लिया। लोक कर्म विभाग अध्यक्ष ने अभियंताओं को सभी प्रगतिरत विकास कार्यों की सतत निगरानी करने और इन्हें तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
दीपक जायसवाल ने गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष जोर देते हुए अभियंताओं को प्रतिदिन साइट विजिट को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा, “हमें निगम परिवार के रूप में मिलकर नगर के विकास और गुणवत्ता को प्राथमिकता देनी होगी।” इसके साथ ही, उन्होंने सभी अभियंताओं से नगर हित में सुझाव देने की अपील की ताकि रायपुर के विकास कार्यों को और बेहतर बनाया जा सके।
यह बैठक नगर निगम के कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।