देश/विदेश

दिल्ली में आज झमाझम बारिश के आसार, बाढ़ से लोगों की और बढ़ेंगी मुश्किलें

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में यमुना के पास कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आईएमडी का कहना है कि अगले 5 दिनों के दौरान दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में भी आंशिक गिरावट के आसार हैं।

आईएमडी के वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा, “अगले 5 दिनों तक दिल्ली, हरियाणा और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावनाएं हैं। हम 17 और 18 जुलाई को बारिश में मामूली वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि, दिल्ली में स्थानीय बारिश के कारण नहीं बाढ़ नहीं आई है, बल्कि हिमाचल और अन्य राज्यों से यमुना नदी में काफी पानी आया है, जिसकी वजह से यमुना में बाढ़ की स्थिति पैदा हुई है।”

आईएमडी का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को येलो अलर्ट भ जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि शनिवार को दिल्ली में सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। अलग-अलग हिस्सों में मध्यम स्तर की बरसात हो सकती है। अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान 33 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उधर शुक्रवार को भी दिन भर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। कई स्थानों पर हल्की वर्षा भी हुई। दिल्ली में दोपहर के बाद कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। पालम में सबसे ज्यादा 9.8 मिमी बरसात दर्ज की गई। इसके अलावा, सफदरजंग, लोधी रोड, रिज, आयानगर, पीतमपुरा, पूसा और जाफरपुर में भी बूंदाबांदी या हल्की बरसात दर्ज हुई। दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली वासी खुली हवा में ले रहे सांस

मौसमी गतिविधियों के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 73 रहा। इस स्तर की हवा को ”संतोषजनक” श्रेणी में रखा जाता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिन वायु गुणवत्ता का ऐसा ही स्तर बना रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button