TMC सभी विपक्षी पार्टियों से आगे चल रही है, शाम तक नतीजों का ऐलान होने की संभावना

पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल में मंगलवार को ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के वोटों की गिनती हुई। अब तक के नतीजों में TMC सभी विपक्षी पार्टियों से आगे चल रही है। वोटों की गिनती आज भी जारी रहेगी। शाम तक नतीजों का ऐलान होने की संभावना है।
काउंटिंग के दौरान भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। बीती रात साउथ 24 परगना के दो इलाकों में हिंसा की घटनाएं हुईं। इनमें 3 लोग मारे गए और SP घायल हो गए। पहली घटना भांगर में हुई, जहां ISF और TMC के कार्यकर्ता भिड़ गए। यहां ISF के दो लोग मारे गए।
परिवार का आरोप है कि हमलावर पुलिस की वर्दी में आए थे और उन्होंने ISF के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। दूसरी घटना यहां से 60-70 किमी दूर रायदिघी में हुई। यहां पर भाजपा और TMC की भिड़ंत हुई, जिसमें TMC का एक कार्यकर्ता मारा गया।
TMC ने जीतीं 29 हजार सीटें
पहले दिन की काउंटिंग में TMC ने पार्टी ने ग्राम पंचायत की 28,985 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि 1,540 सीटों पर आगे है। पंचायत समिति की 2155 और जिला परिषद की 77 सीटें जीती हैं। इसके साथ ही चुनावों में TMC की जीत तय हो गई है।
भाजपा ने अब तक 7,762 सीटें जीत ली हैं और 417 सीटों पर आगे है। TMC ने भाजपा से चार गुना ज्यादा सीटें हासिल की हैं। ग्राम पंचायत में कांग्रेस 1,073 सीटें, CPI(M) 2,409 सीटें, जबकि अन्य पार्टियां 725 सीटें ही जीत पाई हैं। निर्दलीय उम्मीदवार 1,656 सीटें जीते हैं।
आंशिक नतीजों में बढ़ते मिलते ही TMC कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। TMC समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला। महिलाओं ने एक-दूसरे को हरे रंग का गुलाल लगाकर खुशी मनाई। दूसरी तरफ, बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने नतीजों में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
8 जुलाई को हुआ था पंचायत चुनाव
पश्चिम बंगाल की 73,887 ग्राम पंचायत सीटों में से 64,874 पर 8 जुलाई को मतदान हुआ था। बाकी 9,013 सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया था। निर्विरोध चुने जाने वाले उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 8,874 तृणमूल कांग्रेस से हैं।
चुनाव के दौरान कई बूथों पर हिंसा और बूथ कैप्चरिंग की घटनाएं दर्ज हुई। इसके बावजूद 80.71% मतदान हुआ। शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने सोमवार (10 जुलाई) को 19 जिलों के 697 बूथों पर दोबारा वोटिंग करवाई। वोटिंग 69.85% हुई और हिंसा की कोई बड़ी घटना नहीं हुई।