देश/विदेश

IMD ने कई राज्यों में जारी की चेतावनी, उत्तराखंड में बारिश से कई लोगों की मौत

Weather Today: देश भर में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। खासकर उत्तर भारतीय राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर नई जानकारी दी है।

IMD ने कई राज्यों में जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 जुलाई तक पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही आईएमडी ने यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। इधर, बाढ़ के बाद कुछ पर्यटक हिमाचल और उत्तराखंड में फंसे हुए हैं।

दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी के आसार

आईएमडी ने बताया कि दिल्ली का मौसम अभी तीन से चार दिनों तक साफ रहने वाला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15-16 जुलाई के बाद तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इससे पहले कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

दिल्ली में यमुना नदी बुधवार को 207 मीटर के निशान को पार करते हुए 10 वर्षों में उच्चतम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। बता दें कि दिल्ली में पिछले दो दिनों में भारी बारिश के बीच यमुना के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई।

करनाल में एक और तटबंध टूटा

हरियाणा के करनाल जिले में यमुना नदी से सटे क्षेत्रों में तबाही का आलम है। यहां गढ़पुर टापू के पास टूटे बांध की मरम्मत लगातार तीसरे दिन जारी है, तो देर रात क्षेत्र के समसपुर गांव के पास एक और तटबंध टूटने से चिंता बढ़ गई है। अब करीब 30 गांव खतरे की जद में हैं। राहत सामग्री पहुंचाने में तीन नाव का प्रयोग किया जा रहा है।

हिमाचल में बारिश के बाद भूस्खलन

मौसम विभाग ने हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई, जिससे भूस्खलन और पुल ढह गए हैं। जानकारी के अनुसार, हिमाचल के कसौल में 15 रूसी पर्यटक फंसे हैं। पुलिस उन्हें निकालने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश में जुटी है।

उत्तराखंड में बारिश से कई लोगों की मौत

उत्तराखंड में बारिश के कारण पिछले 24 घंटे में काफी नुकसान हुआ है। गढ़वाल मंडल में अलग-अलग हादसों में पांच तीर्थ यात्रियों सहित आठ लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हुए हैं।

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य में अगले चार दिनों तक मानसून प्रभावी रहेगा। इसके परिणामस्वरूप कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, अररिया, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार व मधेपुरा जिले में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तीन दिन तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। यूपी में पिछले 24 घंटे में कई जनपदों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। इन जनपदों में मेरठ, एटा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, फिरोजाबाद, बिजनौर, बदायूं, औरैया, इटावा, रामपुर, बरेली, आगरा, बाराबंकी, मुरादाबाद, फर्रुखाबाद, कासगंज, लखनऊ, संभल और अलीगढ़ शामिल हैं। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button