तीन-चार दिन से हत्या की योजना बना रहा था आरोपी साहिल

दिल्ली: नाबालिग लड़की की हत्या के आरोपी साहिल को पुलिस बुधवार को घटनास्थल पर लेकर गई। यहां क्राइम सीन को रिक्रिएट किया गया। पुलिस ने मौके पर साहिल से कुछ सवाल भी किए और केस की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की।
दिल्ली पुलिस ने साहिल को गुरुवार को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां उसे 3 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। सुरक्षा कारणाें के चलते उसे मजिस्ट्रेट के घर ले जाया गया था।
वहीं, मर्डर को लेकर यह दावा भी किया जा रहा कि साहिल तीन-चार दिन से हत्या की योजना बना रहा था। उसके निशाने पर लड़की ही नहीं बल्कि, प्रवीण और दो-तीन अन्य युवक भी थे। उसने पांच लोगों के मर्डर की लिस्ट बना रखी थी। रविवार 28 मई को इनमें से जो भी उसे मिलता, उसकी हत्या कर देता।
साहिल की मेंटल हेल्थ का कराया जा सकता है टेस्ट-
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस की टीम सुरक्षा कारणों की वजह से सुबह 4 बजे आरोपी को स्पॉट पर ले गई। साहिल से उस स्पॉट के बारे में पूछा गया, जहां उसने लड़की का इंतजार किया और फिर बेरहमी से हत्या की। केस से जुड़ा एक अन्य CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग वारदात से पहले जाते हुए नजर आई है।
साहिल की रिमांड अवधि खत्म होने के बाद पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी। अगर इस दौरान वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद नहीं हुआ तो पुलिस रिमांड बढ़ाने की अपील कर सकती है। पुलिस ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो आरोपी की मेंटल हेल्थ को जांचने के लिए टेस्ट भी कराया जा सकता है।
लड़की पिता ने कहा- बेटी को समझाया था कि अभी पढ़ाई-लिखाई की उम्र है-
- पुलिस को दी शिकायत में लड़की के पिता ने बताया कि मेरी लड़की की पिछले करीब 1 साल से साहिल नाम के लड़के से दोस्ती थी। साहिल दिल्ली की बरवाला जैन कॉलोनी का रहने वाला है।
- पिता ने बताया- लड़की अक्सर हमारे सामने साहिल का जिक्र करती थी, लेकिन हम उसे समझाते थे कि बेटा अभी तू छोटी है, तेरी पढ़ने-लिखने की उम्र है। जब भी हम उसे समझाते थे तो वह हमसे नाराज होकर अपनी दोस्त नीतू के पास चली जाती थी।
- उन्होंने कहा कि बेटी पिछले 10 दिन से नीतू के पास थी। 28-29 मई की रात को जब मैं अपने घर पर मौजूद था, तब उसकी दोस्त नीतू ने आकर हमें बताया कि साहिल नाम के लड़के ने साक्षी को चाकू और पत्थरों से मार दिया है। साहिल ने घटना से एक दिन पहले भी साक्षी के साथ झगड़ा किया था। जब मैं नीतू के साथ बी ब्लॉक में शाहबाद डेयरी पर पहुंचा तो वहां पर मेरी बेटी मृत पड़ी हुई थी उसके सिर पर घाव थे।
पुलिस ने FIR में लिखा है कि शव को सरसरी तौर पर देखने पर उसके सिर पर गहरी चोट थी, जो मुंह के बल पड़ी हुई थी। उसको सीधा करने पर उसके पेट पर भी चोट के निशान थे। उसकी आंतें बाहर निकली हुई थीं।
परिवार को 10 लाख की मदद की मंजूरी के लिए CM ने LG को भेजी फाइल-
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने के लिए फाइल को स्वीकृत कर माननीय उपराज्यपाल को भेज दिया है। हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं। उनका हर संभव सहयोग करेंगे।
नाबालिग मर्डर केस से जुड़ी अब तक की 3 बड़ी जानकारियां-
1. साहिल एसी और फ्रिज मैकेनिक, पिता का नाम सरफराज
साहिल के मकान मालिक ने बताया कि उसके पिता का नाम सरफराज है और वह 2 साल से अपने परिवार के साथ बरवाला की जैन कालोनी में रह रहा था। साहिल फ्रिज और एसी सुधारने का काम करता था। उसे बुलंदशहर से सोमवार दोपहर 3 बजे उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया।
2. साहिल और नाबालिग 3 साल से रिलेशनशिप में थे, लड़की ने दूसरे लड़के के नाम का टैटू बनवाया
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि लड़की ने हाथ पर एक दूसरे लड़के के नाम का टैटू बनवाया था। वो पहले प्रवीण नाम के लड़के से रिलेशनशिप थी। दोनों का ब्रेकअप एक साल पहले हुआ। इसके बाद वह साहिल के साथ रिलेशनशिप में आई। कुछ समय पहले लड़की फिर से प्रवीण से बात करने लगी थी।
3. दूसरे लड़के से बातचीत पर साहिल ने धमकी दी, लड़की ने नकली बंदूक से डराया था
साहिल ने 4 दिन पहले लड़की को धमकी दी थी कि वो किसी लड़के से बात न करें, लेकिन वो नहीं मानी। बीते दिनों लड़की ने खिलौने वाले बंदूक से साहिल को डराया था। उसने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी थी।