मुंबई इंडियंस के साथ राजस्थान और RCB भी रेस में, किसे मिलेगा प्लेऑफ का टिकट
![](https://www.chauchakmedia.in/wp-content/uploads/2023/05/51b8290feee8be01e2767a5678e8581b1680183626765567_original-670x470.jpg)
नई दिल्ली: आईपीएल 2023 (IPL 2023) में प्लेऑफ की तीन टीमों का फैसला हो गया है। शनिवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने प्लेऑफ (IPL Playoff) का टिकट कटा लिया। गुजरात टाइटंस इन दोनों से पहले ही अंतिम-4 में पहुंच गई थी। ऐसे में अब सिर्फ एक ही स्थान खाली है। चार टीमों के लीग में सफर समाप्त भी हो चुका है। ऐसे में बाकी बचे एक स्थान के लिए मुंबई इंडियंस, रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स में टक्कर है।
आईपीएल 2023 में बचे हुए मुकाबले-
– मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (21 मई, दोपहर 3:30 बजे)
– रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम गुजरात टाइटन्स (21 मई, शाम 7:30 बजे)
राजस्थान के लिए सीधा है समीकरण-
राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ में पहुंचने का समीकरण सीधा है। मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर दोनों को आखिरी दिन के मुकाबले में हार मिलती है तो राजस्थान के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद रहेगी। इसमें एक भी टीम जीत हासिल करती है या बारिश की वजह से एक मैच रद्द भी हो जाता है तो राजस्थान का सफर समाप्त हो जाएगा।
मुंबई और आरसीबी में असली टक्कर-
आईपीएल के पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर आरसीबी को प्लेऑफ का टिकट दिया था। लेकिन इस बार दोनों ही टीमों में टक्कर है। मुंबई इंडियंस और आरसीबी के 13-13 मैचों में 14-14 पॉइंट हैं। दोनों को अंतिम मैच अपने घरेलू मैदान पर खेलने हैं। मुंबई के लिए सबसे आसान समीकरण तो है कि वह हैदराबाद को हरा दे और आरसीबी गुजरात के खिलाफ हार जाए। मुंबई के लिए परेशानी तब होगी, जब आरसीबी गुजरात से जीत जाएगी। मुंबई और आरसीबी के नेट रनरेट में 80 रनों का अंतर है। अगर मुंबई हैदराबाद को 90 रनों से हराती है तो उसे उम्मीद करना होगा कि आरसीबी 10 रनों से ज्यादा से जीत हासिल नहीं करे। यानी आज दोनों टीमों के बीच जीत का अंतर 80 रन होना चाहिए। टी20 में ऐसा कम ही होता है। ऐसे में जीत आरसीबी को प्लेऑफ का टिकट आसानी से दिला सकती है।