फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप के खिलाफ रायपुर पुलिस ने दर्ज की FIR
रायपुर: फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर रायपुर पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ये मामला सिटी कोतवाली थाने में दर्ज हुआ है, जिसकी शिकायत पंडित नीलकंठ त्रिपाठी ने की थी।
अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए थाना पहुंचकर शिकायत की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 302 के तहत मामला दर्ज किया है।
अनुराग की आने वाली फिल्म ‘फुले’ पहले से ही विवादों में है। ये फिल्म समाज सुधारकों ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले की जिंदगी पर आधारित है। विरोध करने वालों का आरोप है कि फिल्म जातिवाद को बढ़ावा देती है। विवाद और बढ़ गया जब अनुराग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। इस पोस्ट में ब्राह्मण समाज को लेकर की गई टिप्पणी पर उन्हें खूब ट्रोल किया गया।