सौरभ हत्याकांड पर बने भोजपुरी गाने पर बिफरी भोजपुरी एक्ट्रेस रानी चटर्जी, कहा- शर्म करो

नई दिल्ली। भोजपुरी सिनेमा की बड़ी एक्ट्रेस रानी चटर्जी हमेशा हर मुद्दे पर अपनी राय रखती हैं। हाल ही में उन्होंने अवॉर्ड शोज की पोल खोली थी और कहा था कि भोजपुरी अवॉर्ड फेक होते हैं और पहले से ही पता होता है कि अवार्ड किसको मिलने वाला है..सब कुछ तय होता है। उन्होंने ये भी बताया था कि वहां बैठने के लिए सीट तक नहीं दी जाती है तो सम्मान तो दूर की बात है। अब रानी ने भोजपुरी के ही गाने ड्रम में राजा की आलोचना की है और शर्म करने के लिए भी कहा है, तो चलिए जानते हैं कि ये प पूरा माजरा क्या है।
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक गाना वायरल हो रहा है जिसका नाम है-ड्रम में राजा। गाना सौरभ मर्डर हत्याकांड के मुद्दे पर बना है जिसमें सौरभ की पत्नी मुस्कान ने अपने ही पति के टूकड़े कर नीले ड्रम में भर दिए थे। अब सोशल मीडिया पर इस गाने की खूब आलोचना हो रही है। रानी ने भी गाने की आलोचना की है और लिखा है- शर्म करो..मीडिया ऐसे ही नहीं पूछती है भोजपुरी के गानों के बारे में, हरकत ही ऐसी है..शर्म आनी चाहिए। सोशल मीडिया पर भी लोग अपने विचार रख रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- बिहार को कितना डिफेंड करें…इन लोगों के साथ क्या करना चाहिए?
एक दूसरे यूजर ने लिखा- बहुत ही बेशर्मी की बात है। एक अन्य ने लिखा-भोजपुरी इंडस्ट्री द्वारा ऐसी शर्मनाक हरकतें की जा रही हैं, ये मजाक उड़ाने की चीजें हैं, मैं आप लोगों से अनुरोध करता हूं कि कृपया ऐसी चीजों की सराहना न करें। बता दें इस गाने को सिंगर गोल्डी यादव ने गाया है और गाने के लिरिक्स प्रिंस प्रियदर्शी ने लिखे हैं। गानें में पारुल यादव और गौरव कुशवाह को फीचर किया गया है। गाना तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।