डिप्टी सीएम विजय शर्मा का कवर्धा दौरा, विजय रैली निकाल कर आमजन को करेंगे सम्बोधित
कवर्धा. छत्तीसगढ़ में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और सरकार गठन के संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। प्रदेश के डिप्टी सीएम बनने के बाद विधायक विजय शर्मा 16 दिसंबर को अपने गृह नगर कवर्धा जा रहे हैं। इसे लेकर समर्थकों, पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की जा रही है। उप मुख्यमंत्री की स्वागत रैली कवर्धा शहर में 5 किलो मीटर लंबी होगी। वहीं कवर्धा से 23 किलोमीटर पहले दशरंगपुर से उनके स्वागत का सिलसिला शुरू हो जाएगा। रैली के बाद गांधी मैदान में जनता के प्रति आभार सभा का भी आयोजन भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के कवर्धा आगमन पर स्वागत रैली और सभा की तैयारियों को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में बैठक हुई है। स्वागत रैली के लिए दो 12 बजे का समय निर्धारित किया गया है। डिप्टी सीएम के आगमन पर रायपुर रोड बायपास से युवा मोर्चा द्वारा बाइक रैली निकाली जाएगी। स्वागत रैली ठाकुरदेव चौक,गुरुनानक चौक, ऋषभ देव चौक, एकता चौक, सिग्नल चौक होते हुए गांधी मैदान पहुंचेगी, जहां आभार सभा का आयोजन होना है। बता दें कि कवर्धा के झंडा विवाद के बाद विजय शर्मा एक बड़ा हिन्दुत्व चेहरा बनकर सामने आए हैं। कवर्धा झंडा विवाद को लेकर वह जेल भी जा चुके हैं।