देश/विदेश

प्रियंका गांधी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, कांकेर के गोविंदपुर मैदान में पंचायती राज महासम्मेलन में होंगी शामिल

Chhattisgarh Election 2023 News: छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. बस्तर संभाग के 12 सीटों पर प्रथम चरण में होने वाले चुनाव के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. लगातार दोनों ही दल के बड़े नेता छत्तीसगढ़ के अन्य जिलो के साथ बस्तर संभाग के 7 जिलों का दौरा कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित बीजेपी के स्टार प्रचारक लगातार छत्तीसगढ़ का दौरा कर प्रचार-प्रसार करने में जुटे हैं. बीते मंगलवार (3 अक्टूबर) को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर जिले के जगदलपुर शहर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में विशाल आमसभा को संबोधित किया थी.

प्रदेश में सत्तारुढ़ कांग्रेस भी पुरजोर कोशिश कर रही है. कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार (6 अक्टूबर) को बस्तर संभाग के कांकेर जिले का दौरा करेंगी, इस दौरान वह एक आमसबा को संबोधित करेंगी. प्रियंका गांधी की सभा के लिए पिछले दो दिनों से कांग्रेस के नेता तैयारी में जुटे हुए हैं. बताया जा रहा है कि कांकेर शहर के गोविंदपुर मैदान में पंचायती राज महासम्मेलन का आयोजन किया गया है, इसमें प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छत्तीसगढ़ के सभी मंत्रीगण और कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल होंगे. प्रियंका गांधी की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा से ज्यादा भीड़ लाने के लिए कांग्रेसी ऐड़ी चोटी का जोर लगा रही है.

518 विकास कार्यों का होगा भूमि पूजन और लोकार्पण
कांकेर के विधायक और संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी अपने तय समय के अनुसार दोपहर 12.30 बजे मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर के जरिये कांकेर शहर के गोविंदपुर खेल मैदान पहुंचेंगी. यहां राज्य सरकार की योजनाओं के प्रदर्शन के लिए लगाए गए विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात करेंगी. इसके बाद पंचायती राज महासम्मेलन में शामिल होकर 866 करोड़ रुपए के करीब 518 विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रियंका गांधी के हाथों किया जाएगा.

विधायक शिशुपाल सोरी ने बताया प्रियंका गांधी के कांकेर आगमन को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस सभा में लाखों की भीड़ जुटने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि पंचायती राज महासम्मेलन की शुरुआत कृषि और पंचायती राज मंत्री रविंद्र चौबे के द्वारा किया जाएगा. इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के संबोधन के साथ गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बाद, प्रियंका गांधी इस आम सभा को संबोधित करेंगी. लगभग 2 घंटे तक विभिन्न कार्यक्रमों और आमसभा में शामिल होने के बाद प्रियंका गांधी रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगी

कांकेर में बीजेपी-कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर बस्तर के इलाके में प्रियंका गांधी की चुनावी सभा बेहद अहम मानी जा रही है. कांकेर जिले के अंतर्गत तीन विधानसभा आती हैं, जो राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में प्रियंका गांधी कांग्रेस की तरफ से इस विधानसभा क्षेत्र में पहली आम सभा करने जा रही हैं. इसके लिए भूपेश सरकार जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई है. खास बात यह है कि एक महीने पहले ही कांकेर शहर में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक बड़ी आमसभा को संबोधित किया था. कांग्रेस भी कांकेर क्षेत्र में अपनी पूरी ताकत दिखाने के लिए प्रियंका गांधी की सभा में लाखों लोगों की भीड़ जुटाने का दावा कर रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button