Gwalior: अपराधों ने फैलाई सनसनी, कोचिंग से घर लौट रही छात्रा अक्षया की गोली मारकर हत्या कर दी गई
![](https://www.chauchakmedia.in/wp-content/uploads/2023/07/gwalior_city.jpg)
ग्वालियर। जुलाई का पूरा महीना बड़े अपराधों के नाम रहा। कोचिंग से घर लौट रही छात्रा अक्षया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हालांकि आरोपित मारने उसकी सहेली को आए थे लेकिन शिकार अक्षया हो गई। इस घटनाक्रम में दुखद पहलू यह है कि अक्षया की सहेली ने कई बार पुलिस से आरोपितों की शिकायत की। घटना के दो दिन पहले भी उसने कोचिंग में अपनी बात कहने की कोशिश की लेकिन किसी ने कान नहीं धरे। नतीजा, यह घटनाक्रम हो गया। इससे लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा फूटा। कैंडल मार्च निकाले गए।
पुलिस ने जनआक्रोश के दबाब में ताबड़तोड़ कार्रवाई की और आरोपितों को पकड़ लिया। इसी तरह खरगोन कलेक्टर शिवराज वर्मा की पत्नी को सुबह की सैर से लौटते समय बाइक सवार लुटेरों ने लूट लिया। इस घटना ने पूरे प्रदेश में खाकी की किरकिरी कराई। हालांकि इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाश भी दबोच लिए गए। सड़क निर्माण के दौरान सीवर चैंबर खुले छोड़ देना निर्माण एजेंसियों की बड़ी खामी है। इसका शिकार एक पत्रकार हो गया। इस घटना ने नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के बीच समन्वय की पोल खोलकर रख दी। जनता का आक्रोश सामने आया तो निगमायुक्त ने आदेश दिए कि निर्माण के दौरान चैंबर खुले ना छोड़े जाएं। अगर जरूरी हैं तो उसके आसपास बैरीकेड्स लगाए जाएं। लेकिन इन निर्देशों का असर कम ही दिख रहा है। बात जिला प्रशासन की करें तो लोगों की समस्याओं के निराकरण को तवज्जो नहीं मिल रही। पेंडेंसी बढ़ी है और लोगों में निराशा भी।
कलेक्टर की सफाई
जुलाई माह में लोगों से जुड़े कार्यों को लेकर अलग अलग स्तरों पर प्रयास किए गए। समाधान आपके द्वार,पौधरोपण व स्कूलों में प्रशासन की निगरानी से लेकर अधोसरंचना आधारित कार्यों को लेकर फोकस किया गया। सीएम हेल्पलाइन में औसत ही स्थिति रही,अागे सुधार करेंगे।
अक्षय कुमार सिंह, कलेक्टर
एसएसपी की सफाई
अक्षया हत्याकांड, चिराग शिवहरे हत्याकांड, डाक्टर का किडनैप हो या फिर कलेक्टर की पत्नी से लूट वाला मामला हो। पुलिस ने लगभग सभी मामलों को सुलझा लिया। सड़क पर पुलिस की दिखे, इसके लिए लगातार कांबिंग गश्त करवाई जा रही है। रात को चेकिंग लगवाई जाती है। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास मनचलों पर लगातार कार्रवाई चल रही है। अभी साइबर अपराध नई चुनौती है। इस पर काम करना है।
राजेश सिंह चंदेल, एसएसपी