अजित पवार ने दिल्ली में की अमित शाह से मीटिंग, 4-4-2 फॉर्मूले के तहत होगा नया मंत्रिमंडल विस्तार
![](https://www.chauchakmedia.in/wp-content/uploads/2023/07/WhatsApp-Image-2023-07-03-at-11.36.25.jpeg)
मुंबई: महाराष्ट्र की सियासत में पिछले सप्ताह से चल रही कैबिनेट विस्तार और मंत्रियों को विभागों के आवंटन की दिक्कत आखिरकार सुलझ गई है। बीती शाम उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ तकरीबन एक घंटे तक चर्चा की। कहा जा रहा है कि इस बैठक में दोनों मुद्दों यानी कैबिनेट विस्तार और विभागों के बंटवारे का हल निकल गया है। इस बैठक में मंत्री पद का 4-4-2 फॉर्मूला तय किया गया है। जिसके मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार होगा। दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की गैरहाजिरी में अजीत पवार और प्रफुल्ल पटेल ने यह विवाद सुलझा लिया है। बीते तीन दिन से लगातार सीएम के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर लगातार तीन दिन और तीन रात तक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बीच कैबिनेट विस्तार और विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा हुई थी लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला था।
4-4-2 का फॉर्मूला क्या है?
4-4-2 फॉर्मूले के मुताबिक बीजेपी और एकनाथ शिंदे गुट को चार- चार मंत्री पद मिलेंगे। जबकि एनसीपी को दो मंत्री पद मिलेंगे। यानी आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में कुल 10 मंत्री शपथ लेंगे। नए फॉर्मूले के मुताबिक बीजेपी और शिंदे गुट को चार-चार मंत्री मिलेंगे। इन दोनों दलों के कैबिनेट में पहले से ही 10-10 मंत्री हैं। इस लिहाज से दोनों पार्टियों के मंत्रियों की संख्या 14-14 होगी। वहीं एनसीपी के कैबिनेट में 9 मंत्री हैं। उन्हें दो मंत्रीपद मिलने से यह संख्या बढ़कर 11 हो जाएगी।
प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि दिल्ली की बैठक के बाद महाराष्ट्र सरकार के तीनों दलों के बीच चल रही तनातनी लगभग खत्म हो चुकी है। लिहाजा मंत्रिमंडल विस्तार आज या कल में हो सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ विधायक अपने क्षेत्र में हैं। ऐसे में अगर वे शाम तक मुंबई आ सकते हैं तो आज कैबिनेट का विस्तार हो सकता है वरना कल होगा।