रेल मंत्री के रूप में किया कार्य, पहली स्वदेशी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का किया शुभारंभ
![](https://www.chauchakmedia.in/wp-content/uploads/2023/06/goyal-kxFD-621x414@LiveMint.jpg)
13 जून: भारत सरकार के प्रमुख मंत्री पीयूष गोयल भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ राजनेता है जिनके पास कपड़ा मंत्रालय, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय का पदभार है। नरेंद्र मोदी सरकार की कैबिनेट में शामिल पियूष गोयल आज अपना 58 वां जन्मदिन मनाने जा रहे है।
पीयूष गोयल का जन्म 13 जून 1964 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था. उनके पिता वेद प्रकाश गोयल एक भारतीय राजनीतिज्ञ और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री थे. उनकी मां चंद्रकांता गोयल महाराष्ट्र से तीन बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधान सभा (एमएलए) सदस्य थीं।
पितुष गोयल ने अपनी स्कूली शिक्षा डॉन बॉस्को हाई स्कूल, मुंबई से पूरी की. 1984 में, उन्होंने मुंबई में एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से बी.कॉम किया. वर्ष 1991 में, उन्होंने गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, मुंबई से कानून में स्नातक की डिग्री पूरी की।उसके बाद, उन्होंने नई दिल्ली में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) में प्रवेश लिया और अखिल भारतीय द्वितीय रैंक हासिल की। पीयूष गोयल के पास एफ.सी.ए प्रमाणपत्र है; यह प्रमाण पत्र 5 साल का अभ्यास पूरा करने के बाद चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को दिया जाता है।
पीयूष गोयल ने अपने करियर की शुरुआत एक निवेश बैंकर के रूप में की थी. उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (2001-2004) और बैंक ऑफ बड़ौदा (2002-2004) जैसे बैंकों के बोर्ड में सरकारी नॉमिनी के रूप में कार्य किया।
अपने 35 साल के लंबे राजनीतिक करियर के दौरान उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया है।गोयल 2014 में मोदी सरकार में बिजली, कोयला, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री बने थे. 2014 से 2017 तक, उन्होंने कोयला, बिजली, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। साल 2017 से 2021 तक, उन्होंने रेल मंत्री के रूप में कार्य किया. उनके नेतृत्व में, भारतीय रेलवे ने “शून्य दुर्घटना” रेलवे प्रणाली की स्थापना की. उन्होंने दिल्ली और वाराणसी के बीच पहली स्वदेशी सेमी-हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का भी शुभारंभ किया था। मई 2019 में, गोयल रेल मंत्रालय में बने रहे और उन्हें वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय भी मिला. साल 2019 से, वह वाणिज्य और उद्योग मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। जनवरी 2021 में गोयल के नेतृत्व में भारत ने विश्व बैंक की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में 14 स्थानों की छलांग लगाई और 190 देशों में भारत 63वें स्थान पर पहुंच गया। जून 2019 में, उन्हें राज्यसभा में सदन के उप नेता के रूप में नियुक्त किया गया था। 2020 से, वह उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं. 2021 से वह कपड़ा मंत्री के रूप में भी कार्यरत हैं।
उनके पिता ने साल 2001 से 2003 तक तीसरे वाजपेयी मंत्रालय में शिपिंग मिनिस्टर के रूप में कार्य किया. इसके अलावा उनके पिता ने दो दशकों से अधिक समय तक भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है।